दिल्ली में बम धमकी से सुरक्षा एजेंसियां हुईं सतर्क
दिल्ली में बम धमकी का मामला
दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बम धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां चौकस हो गई हैं। हालिया घटना में, आज सोमवार सुबह दिल्ली विधानसभा और लाल किला को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल सुबह लगभग सात बजे धौला कुआं स्थित एक निजी स्कूल को प्राप्त हुआ। ईमेल में कहा गया था कि सुबह 9:11 बजे विधानसभा और लाल किले में विस्फोट किया जाएगा।
धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा और लाल किले के आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है।
अधिकारियों ने बताया कि ईमेल के स्रोत की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह एक शरारत है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। पिछले कुछ हफ्तों में, राजधानी के कई संस्थानों को इस तरह की फर्जी कॉल और ईमेल मिल रहे हैं, जिससे पुलिस के सामने नई चुनौतियां उत्पन्न हो गई हैं।
इससे पहले गुरुवार को भी दिल्ली के कम से कम तीन स्कूलों को ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी। उस समय एहतियात के तौर पर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। बाद में जांच में वे धमकियां निराधार पाई गईं।