×

दिल्ली में मानसून की दस्तक, गर्मी से मिलेगी राहत

दिल्ली में मानसून की दस्तक से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भी बारिश की उम्मीद है। दिल्ली की एयर क्वालिटी संतोषजनक बनी हुई है, जबकि तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। जानें और क्या कह रहे हैं मौसम वैज्ञानिक और पर्यावरण मंत्री इस बारे में।
 

दिल्ली मौसम अपडेट

दिल्ली मौसम अपडेट: दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून अगले दो दिनों में राजधानी में प्रवेश करेगा। सोमवार से मंगलवार तक बारिश, तेज़ हवाएं और गरज के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। विभाग ने मंगलवार तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें हवाओं की गति 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।


उत्तर भारत में बारिश की संभावना

केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिक आर.के. जेनमणि ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने हिमाचल, कश्मीर, लद्दाख, जम्मू और पंजाब के कई क्षेत्रों में दस्तक दे दी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा जयपुर, आगरा, देहरादून, शिमला और जम्मू तक पहुंच चुकी है। अगले दो दिनों में यह दिल्ली समेत अन्य क्षेत्रों को भी कवर कर लेगा।


दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI)

कैसा है AQI?

हालांकि रविवार को बारिश नहीं हुई, लेकिन दिल्ली की हवा साफ रही। लगातार पांचवें दिन एयर क्वालिटी 'संतोषजनक' श्रेणी में रही। शाम 4 बजे AQI 92 दर्ज किया गया। पंजाबी बाग में सबसे अच्छी हवा दर्ज की गई, जिसका AQI 62 रहा। दिल्ली सरकार की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 211 पुराने वाहन जब्त किए गए और 11,157 प्रदूषण चालान जारी किए गए।


पर्यावरण मंत्री का बयान

पर्यावरण मंत्री क्या कहना है?

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, 'हमारी कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई का असर साफ नजर आ रहा है। शहर की हवा पहले से बेहतर हुई है।'


दिल्ली का तापमान

रविवार को बादल छाए रहे और तापमान में थोड़ी गिरावट आई, लेकिन उमस ने परेशानी बढ़ाई। अधिकतम तापमान 36.2°C रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 28.4°C दर्ज किया गया। हीट इंडेक्स यानी महसूस होने वाला तापमान 47.5°C तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को तापमान 33-35 डिग्री के बीच रहेगा और शाम को हल्की बारिश की संभावना है।