दिल्ली में मॉडल परिवहन सेवा केंद्र की स्थापना की तैयारी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का निरीक्षण
- बुराड़ी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का औचक निरीक्षण, डीटीओ कार्यालय में अव्यवस्था पर सख्त नाराजगी, मूलभूत सुविधाएं तुरंत बहाल करने के निर्देश
- ट्रांसपोर्ट सिस्टम को विश्वस्तरीय बनाएगी सरकार, बुराड़ी में नए एटीएस में हर साल जांचे जाएंगे 90 हजार कमर्शियल वाहन
- डीटीओ ऑफिस के बाहर कतारें देख अधिकारियों को लगाई फटकार, बुनियादी सुविधाएं तुरंत सुधारने के आदेश
Delhi CM News | नई दिल्ली । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निमार्णाधीन ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, जिला परिवहन कार्यालय, वाहन निरीक्षण इकाई और हेवी मोटर व्हीकल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का दौरा किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल भवनों का निर्माण नहीं है, बल्कि ऐसी सेवाएं विकसित करना है जो नागरिकों को सम्मानजनक और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने एटीएस परियोजना का निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले निमार्णाधीन ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि नए स्टेशन में एक समय में 5 वाहनों की जांच की जा सकेगी और प्रतिवर्ष 80 से 90 हजार व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच की क्षमता होगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना के डिजाइन और जल निकासी व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने गुणवत्ता से समझौता न करने और समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डीटीओ कार्यालय में अव्यवस्थाओं पर नाराजगी
मुख्यमंत्री ने डीटीओ कार्यालय का दौरा किया और नागरिकों से बातचीत की। कई लोगों ने बताया कि उन्हें लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को अनावश्यक रूप से बाहर प्रतीक्षा करने के लिए बाध्य न किया जाए। उन्होंने सभी आवेदकों को भवन के भीतर बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुराने परिसरों के पुनर्विकास की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल मरम्मत पर्याप्त नहीं है, बल्कि संपूर्ण परिसर के पुनर्विकास की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक समग्र पुनर्विकास योजना तैयार की जाए।
वाहन निरीक्षण प्रणाली को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने वाहन निरीक्षण इकाई का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसे नवीनतम तकनीकों के अनुरूप उन्नत किया जाए।
हेवी मोटर व्हीकल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का दौरा
मुख्यमंत्री ने हेवी मोटर व्हीकल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का दौरा किया और प्रशिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि कुशल चालक सड़क सुरक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं।
दिल्ली सरकार परिवहन क्षेत्र में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक परीक्षण केंद्र और तकनीक आधारित सेवाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।