दिल्ली में यमुना क्रूज सफारी का शुभारंभ, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
यमुना नदी पर क्रूज सेवा की शुरुआत
दिल्ली: देश की राजधानी में 'नमो यमुना क्रूज सफारी' का उद्घाटन किया गया है। यह पहल यमुना नदी को एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को सोनिया विहार में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ इस सेवा का शुभारंभ किया। अब दिल्लीवासी और पर्यटक सोनिया विहार से जगतपुर के बीच इलेक्ट्रिक क्रूज बोट की सैर का आनंद ले सकेंगे।
यह सेवा लगभग छह किलोमीटर के राउंड ट्रिप रूट पर संचालित होगी, जो राजधानी में नदी पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक मानी जा रही है। इस क्रूज में एक बार में 32 यात्री बैठ सकते हैं और यहां लाइट एंड फाउंटेन शो का आयोजन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पर्यटन मंत्री कपिल मिश्र के साथ मिलकर इस क्रूज का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह सेवा दिल्लीवासियों को मां यमुना के दर्शन करने और परिवार के साथ पिकनिक मनाने के लिए एक नई जगह प्रदान करेगी।
आज से दिल्ली में माँ यमुना पर पहली क्रूज सेवा शुरू हो गई है। यमुना से दिल्ली की आस्था, संस्कृति और सभ्यता का अटूट रिश्ता है और आज उन्हीं की लहरों पर दिल्ली ने विकास और पर्यटन की एक नई यात्रा शुरू की है।
माननीय केंद्रीय मंत्री श्री @sarbanandsonwal जी ने इस क्रूज सेवा को हरी झंडी… pic.twitter.com/fDhB2OksR7
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) November 10, 2026
उन्होंने आगे कहा कि इससे दिल्ली के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यवसाय में वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।
यमुना नदी क्रूज सेवा के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'आज यमुना नदी पर शुरू की जा रही नमो यमुना सफारी एक विशेष अवसर है। मैं उन सभी का आभार व्यक्त करना चाहती हूं, जिनके प्रयासों से यह संभव हो पाया है।'
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस अवसर पर कहा, 'हम यमुना के पवित्र तट पर एकत्रित हुए हैं। हमारी संस्कृति हमें सिखाती है कि भक्ति शक्ति प्राप्ति का मार्ग है। दिल्ली सरकार यमुना को स्वच्छ करने के लिए प्रतिबद्ध है।'
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में विकास हो रहा है। यमुना की सफाई के प्रयासों से अब यहां क्रूज सेवा शुरू हो रही है।