दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर, AQI 400 के पार
दिल्ली में प्रदूषण का बढ़ता स्तर
दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। शुक्रवार की सुबह घनी धुंध और जहरीले स्मॉग ने दिल्ली को अपनी चपेट में ले लिया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 5 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 402 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। शहर के कई क्षेत्रों में AQI 400 के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कई क्षेत्रों में AQI 450 के पार
दिल्ली के विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। दिल्ली के 58 निगरानी केंद्रों में से 33 पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। IIT दिल्ली में AQI 487 रहा, जबकि चांदनी चौक और नॉर्थ कैंपस में यह 476 दर्ज किया गया। इसके अलावा, पूसा में 468, जाफरपुर में 461, मथुरा रोड में 455 और ITO में 453 AQI रिकॉर्ड किया गया।
NCR के शहरों में भी प्रदूषण का असर
दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के अन्य शहरों में भी प्रदूषण का प्रभाव देखा जा रहा है। 13 नवंबर की सुबह 5 बजे के आंकड़ों के अनुसार, गाजियाबाद का AQI 377, नोएडा का 369 और गुरुग्राम का 349 दर्ज किया गया। हालांकि इन शहरों की हवा दिल्ली की तुलना में थोड़ी बेहतर रही, लेकिन प्रदूषण का स्तर यहां भी 'बहुत खराब' श्रेणी में बना हुआ है।
GRAP-3 के तहत पाबंदियां लागू
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर से दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू की हैं। इसके तहत धूल फैलाने वाली निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर प्रतिबंध, प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को सख्ती से लागू करने और अन्य आपात कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और बाहर जाते समय मास्क पहनने की सलाह दी जा रही है।
16 नवंबर तक राहत की उम्मीद कम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता 16 नवंबर तक 'बहुत खराब' और 'गंभीर' श्रेणी के बीच बनी रह सकती है। इसके बाद हवा की स्थिति में कुछ सुधार होने की संभावना है। फिलहाल दिल्लीवासियों को प्रदूषण से राहत मिलने के आसार कम हैं। ऐसे में जो लोग पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, उन्हें अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।