×

दिल्ली में सिटिजन लाउंज और न्यू एज लर्निंग सेंटर का उद्घाटन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई दिल्ली में सिटिजन लाउंज-कम-न्यू एज लर्निंग सेंटर का उद्घाटन किया। यह केंद्र नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और युवाओं को कौशल विकास के अवसर प्रदान करेगा। यहां लाइब्रेरी, रीडिंग कॉर्नर और आधुनिक प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। भविष्य में यह केंद्र करियर काउंसलिंग, प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन और डिजिटल लर्निंग का प्रमुख केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल को सुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया और नागरिकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने की प्रतिबद्धता जताई।
 

सिटिजन लाउंज का उद्घाटन

लाइब्रेरी, रीडिंग कॉर्नर, आधुनिक प्रतीक्षालय और स्वच्छ शौचालय सुविधाओं से नागरिकों को मिलेगा बेहतर अनुभव


भविष्य में करियर काउंसलिंग, प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन, डिजिटल लर्निंग और कौशल विकास गतिविधियों का बनेगा प्रमुख केंद्र


दिल्लीवासियों को बेहतर सुविधाएं और युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता: सीएम रेखा गुप्ता


नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने मंगलवार को नई दिल्ली जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) कार्यालय परिसर में 'सिटिजन लाउंज-कम-न्यू एज लर्निंग सेंटर' का उद्घाटन किया। यह पहल नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने, प्रशासनिक सेवाओं को अधिक जनहितकारी बनाने तथा युवाओं के लिए सीखने और विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आधुनिक सिटिजन लाउंज, लाइब्रेरी एवं रीडिंग कॉर्नर तथा नव-निर्मित शौचालय ब्लॉक का अवलोकन किया। उन्होंने इस पहल को सुशासन और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को सम्मानजनक, सुविधाजनक और सकारात्मक अनुभव मिलना चाहिए और यही दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है।


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह केवल एक वेटिंग लाउंज या लाइब्रेरी नहीं, बल्कि नई सोच और बेहतर प्रशासन का प्रतीक है। यहां आसपास की बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के बच्चे भी आकर अध्ययन कर सकेंगे और ऐसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे, जो सामान्यतः उनके लिए सहज उपलब्ध नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि जब सरकार, प्रशासन और सीएसआर के तीनों स्तंभ एक साथ आते हैं, तब किसी भी शहर के विकास और नव-निर्माण की मजबूत नींव तैयार होती है। डीएम कार्यालय में स्थापित यह सिटिजन लाउंज उसी समन्वित प्रयास का सशक्त उदाहरण है।


न्यू एज लर्निंग सेंटर का उद्देश्य

सीखने और कौशल विकास का केंद्र बनेगा न्यू एज लर्निंग सेंटर


यह सिटिजन लाउंज भविष्य में केवल प्रतीक्षालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक ज्ञान एवं कौशल विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां कानून, प्रशासन, करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य विषयों से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, डिजिटल संसाधनों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कंप्यूटर भी स्थापित किए जाएंगे। यहां समय-समय पर करियर काउंसलिंग सत्र, स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम, एक्सपर्ट टॉक, मार्गदर्शन कार्यशालाएं और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को नई जानकारी, कौशल विकास और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर प्राप्त होगा।


नागरिकों के लिए बेहतर अनुभव

नागरिकों को मिलेगा बेहतर अनुभव


सिटिजन लाउंज में आने वाले नागरिकों के लिए एसी वेटिंग रूम, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, समाचार पत्र, पुस्तकें एवं पत्रिकाओं सहित रीडिंग कॉर्नर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और अन्य आगंतुकों को अपनी बारी की प्रतीक्षा के दौरान स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि गुड गवर्नेंस का अर्थ केवल योजनाएं तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को सम्मानजनक और सहज सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। डीएम कार्यालय में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति बेहतर सुविधा और सकारात्मक अनुभव लेकर जाए, यही हमारा ध्येय है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने डिविजनल कमिश्नर, जिला प्रशासन, एलान ग्रुप तथा इस पहल से जुड़े सभी अधिकारियों एवं सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास दिल्ली को अधिक संवेदनशील, समावेशी और नागरिक-केंद्रित राजधानी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।