दिल्ली में हीट वेव से राहत के लिए कूलिंग जोन की स्थापना
सीएम रेखा गुप्ता का हीट वेव एक्शन प्लान
70-80 लोगों के बैठने की व्यवस्था, ठंडा पानी और ओआरएस की सुविधा से मिलेगी हीट वेव से राहत: सीएम रेखा गुप्ता
व्यवस्था बनाना ही काफी नहीं, लोगों तक सीधी राहत पहुंचना जरूरी: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार, मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में, बढ़ती गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए हीट वेव एक्शन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ओल्ड दिल्ली डिस्ट्रिक्ट की पहल पर जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास आम लोगों की सुविधा के लिए विशेष कूलिंग जोन स्थापित किया गया है। उनका उद्देश्य केवल व्यवस्थाएं बनाना नहीं, बल्कि लोगों तक वास्तविक राहत पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग आते हैं। ऐसे में पुराने दिल्ली क्षेत्र जैसे संवेदनशील इलाकों में इस प्रकार की सुविधाएं बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं। यह कूलिंग जोन, मोबाइल हीट वाहन से अलग एक स्थायी राहत केंद्र के रूप में तैयार किया गया है, जहां लोग बैठने, आराम करने और गर्मी से राहत पाने की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। यहां लगभग 70 से 80 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है ताकि राहगीर, पर्यटक, रिक्शा चालक, श्रमिक, बुजुर्ग और अन्य लोग कुछ समय रुककर राहत महसूस कर सकें।
उन्होंने कहा कि कूलिंग जोन में वाटर कूलर के माध्यम से ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही ओआरएस युक्त पानी भी उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी न हो और हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाव किया जा सके। सरकार की प्राथमिकता है कि गर्मी के इस कठिन दौर में कोई भी व्यक्ति असुविधा महसूस न करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजधानी के उन सभी इलाकों की पहचान की जाए जहां लोगों की अधिक आवाजाही होती है और वहां इसी प्रकार की राहत सुविधाएं विकसित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार हीट वेव से निपटने के लिए बहुस्तरीय रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत विभिन्न जिलों में राहत सुविधाएं, पेयजल उपलब्धता, जागरूकता अभियान और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष प्रबंधन किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहे। आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि तेज धूप के दौरान आवश्यक सावधानी बरतें, पर्याप्त पानी पीते रहें और जरूरत पड़ने पर सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत सुविधाओं का उपयोग करें।