दिल्ली मेट्रो में सीट विवाद के चलते यात्री की हत्या, पूर्व IAS अधिकारी और उनके बेटे गिरफ्तार
दिल्ली मेट्रो में हुई हत्या का मामला
नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीट को लेकर एक विवाद ने एक यात्री की जान ले ली। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर पूर्व आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह ने पवन शर्मा नामक यात्री की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और बाद में अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक बुजुर्ग मां के साथ यात्रा कर रहा था
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, पवन शर्मा अपनी 65 वर्षीय मां दुर्गा देवी के साथ मेट्रो ट्रेन में यमुना विहार की ओर जा रहे थे। दोनों वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीट पर बैठे थे। इसी दौरान मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन से पूर्व आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ उसी कोच में सवार हुए।
सीट विवाद ने लिया हिंसक मोड़
कोच में प्रवेश करते ही सीट को लेकर पूर्व आईएएस और उनके बेटे की पवन शर्मा से तीखी बहस शुरू हो गई। यह विवाद जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दोनों ने पवन पर गाली-गलौज करते हुए ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाए और उनकी बुरी तरह पिटाई की। मारपीट के दौरान पवन को इतनी जोर से धक्का दिया गया कि वह प्लेटफार्म पर गिरकर बेहोश हो गए।
घटना के बाद की स्थिति
यह घटना रविवार शाम करीब 6 बजे हुई। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पवन के बेहोश होने की सूचना मिलते ही मेट्रो पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल पवन शर्मा को तुरंत लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पूर्व आईएएस संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस मेट्रो कोच और प्लेटफॉर्म के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।