दिल्ली विधानसभा सुरक्षा उल्लंघन: आरोपी सरबजीत को पुलिस हिरासत में भेजा गया
दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा चूक का मामला
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा उल्लंघन के मामले में सरबजीत सिंह को तीस हजारी कोर्ट ने आठ दिनों के लिए पुलिस की हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। यह निर्णय उस आवेदन पर लिया गया, जिसमें पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के लिए और समय मांगा था।
सोमवार को दोपहर करीब दो बजे, दिल्ली विधानसभा परिसर में एक गंभीर सुरक्षा चूक हुई। एक नकाबपोश व्यक्ति ने अपनी कार से लोहे का गेट तोड़ दिया और परिसर में एक गुलदस्ता रखकर वहां से चला गया।
सरबजीत सिंह की पहचान कार चालक के रूप में हुई
पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है, जिसने वीआईपी गेट को तोड़ा। उसने बूम बैरियर को भी टक्कर मारी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई थी, और पुलिस ने फुटेज की जांच की। तीनों संदिग्धों को लगभग दो घंटे के भीतर पकड़ लिया गया।