दिल्ली सरकार की गर्मी से राहत के लिए नई पहल: मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स और कूलिंग जोन
दिल्ली सरकार की संवेदनशीलता से राहत कार्य
दिल्ली सरकार हर जरूरतमंद तक राहत पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स के माध्यम से 2.65 लाख लोगों तक पहुंची मदद, हजारों लोगों को मिला ठंडा पानी, ओआरएस, गमछे और कैप
राजधानी के विभिन्न जिलों में बनाए गए कूलिंग जोन से नागरिकों, श्रमिकों और यात्रियों को मिल रही भीषण गर्मी से राहत
नई दिल्ली: दिल्ली में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच, मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार राहत पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। राजधानी के सभी 13 जिलों में 'मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स' और 'कूलिंग ज़ोन' की स्थापना की गई है, जिससे आम नागरिकों, श्रमिकों, यात्रियों और जरूरतमंदों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल प्रशासन चलाना नहीं है, बल्कि हर नागरिक की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है। गर्मी के इस कठिन समय में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है ताकि कोई भी व्यक्ति गर्मी के कारण परेशान न हो। मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स और कूलिंग जोन जैसी पहलों से सरकार की जनसेवा और मानवीय दृष्टिकोण स्पष्ट होता है। दिल्ली सरकार लगातार हालात पर नजर रखे हुए है और जरूरत के अनुसार राहत व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह सारी व्यवस्था राजस्व विभाग की देखरेख में संचालित की जा रही है। मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स के माध्यम से 6 मई से 23 मई 2026 के बीच दिल्ली के सभी 13 जिलों में लगभग 2 लाख 65 हजार लोगों तक राहत पहुंचाई गई। इस दौरान लोगों को गर्मी और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए लगभग 1 लाख 13 हजार 900 लीटर ठंडा पानी वितरित किया गया। इसके अलावा एक लाख से अधिक ओआरएस पैकेट बांटे गए ताकि लोगों को लू और शरीर में पानी की कमी से बचाया जा सके। लोगों को तेज धूप से बचाने के लिए 44 हजार 646 गमछे और 30 हजार 864 कैप भी वितरित किए गए। इस अभियान के तहत उत्तर-पूर्व, पूर्वी, दक्षिण-पश्चिम और नई दिल्ली जिलों में बड़ी संख्या में लोगों तक सहायता पहुंचाई गई। मुख्यमंत्री के अनुसार यह भी सुनिश्चित किया गया है कि मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स के वाहनों की लोकेशन प्रतिदिन बदली जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा भीड़ वाले क्षेत्रों और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंच सके। यह अभियान जुलाई महीने तक जारी रहेगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राजधानी के विभिन्न जिलों में विशेष 'कूलिंग ज़ोन' भी स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को कुछ समय आराम करने और गर्मी से राहत पाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। विशेष रूप से आम नागरिकों, रिक्शा चालक, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए इन कूलिंग ज़ोन को तैयार किया गया है। प्रत्येक कूलिंग ज़ोन में 100 कुर्सियों की बैठने की व्यवस्था, ठंडा पेयजल, 5 डेजर्ट कूलर और 5 फर्राटा पंखे लगाए गए हैं ताकि लोगों को आरामदायक वातावरण मिल सके। इसके अतिरिक्त वहां ओआरएस पैकेट, कैप, गमछे और प्राथमिक उपचार किट की भी व्यवस्था की गई है। इन कूलिंग ज़ोन के संचालन और सहायता के लिए प्रत्येक स्थान पर 10 सिविल डिफेंस वालंटियर्स तैनात किए गए हैं। वर्तमान में पुरानी दिल्ली जिले में 5, उत्तर-पूर्व जिले में एक, उत्तरी जिले में एक, पूर्वी जिले में 5, सेंट्रल नॉर्थ जिले में 1 और सेंट्रल जिले में एक कूलिंग ज़ोन (कुल 14) स्थापित किए जा चुके हैं। शेष जिलों में भी इस सप्ताह के भीतर इसी प्रकार की सुविधाएं शुरू की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली जैसे महानगर में जहां कई बार एक गिलास ठंडा पानी भी लोगों को आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता, वहां सरकार द्वारा शुरू की गई ये पहलें लोगों को वास्तविक राहत देने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता से इन व्यवस्थाओं को लेकर बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और सरकार नागरिकों को हीटवेव से सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।