×

दिल्ली सरकार की विशेष ट्रेन से सोमनाथ यात्रा: 1000 वर्षों की आस्था का उत्सव

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 30 अप्रैल को सोमनाथ यात्रा की घोषणा की है, जिसमें 1300 श्रद्धालुओं को मुफ्त यात्रा का अवसर मिलेगा। यह यात्रा 1000 वर्षों की अखंड आस्था को समर्पित है और श्रद्धालुओं को भगवान शिव के पावन ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर प्रदान करेगी। यात्रा के दौरान सभी आवश्यक सुविधाएं गुजरात सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को भी बढ़ावा देगा।
 

सोमनाथ यात्रा का आयोजन

30 अप्रैल को सफदरजंग से रवाना होगी विशेष ट्रेन, 1000 वर्षों की अखंड आस्था को समर्पित है यह यात्रा: सीएम रेखा गुप्ता


सोमनाथ धाम हमारी उस विरासत का प्रतीक है जिसने हर दौर में अपना अस्तित्व बचाए रखा: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता


नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि दिल्ली सरकार ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व - सोमनाथ यात्रा’ का आयोजन करने जा रही है। यह पहल ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व - 1000 वर्षों की अखंड आस्था’ को समर्पित है, जिसका उद्देश्य दिल्लीवासियों को उनकी आध्यात्मिक जड़ों से जोड़ना है। यह यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं है, बल्कि यह सनातन संस्कृति और भारतीय परंपरा से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि 30 अप्रैल को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से लगभग 1300 श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष ट्रेन गुजरात के सोमनाथ धाम के लिए रवाना होगी। वह स्वयं इस ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। ट्रेन अगले दिन सुबह सोमनाथ पहुंचेगी। 1, 2 और 3 मई को श्रद्धालु भगवान शिव के पावन ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे और आसपास के अन्य प्रमुख मंदिरों का भी दर्शन करेंगे। यात्रा पूरी तरह निशुल्क होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था गुजरात सरकार द्वारा की जाएगी। इसके लिए उन्होंने गुजरात सरकार का आभार व्यक्त किया।


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सोमनाथ धाम भगवान शिव की अनंत कृपा और भारत की अमर सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। यह स्थान हमें हमारी उस विरासत की याद दिलाता है, जिसने हर कठिन दौर में अपने अस्तित्व और आस्था को बनाए रखा। यह यात्रा उसी अटूट विश्वास और राष्ट्रीय स्वाभिमान का उत्सव है। दिल्ली से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि हमारी सांस्कृतिक जड़ें कितनी गहरी हैं।


उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को भी नई ऊर्जा देते हैं। यह यात्रा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूत करेगी और युवाओं को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में हमारी सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और पुनर्जीवन का कार्य हो रहा है। सोमनाथ धाम भी उसी व्यापक दृष्टि का हिस्सा है, जहां आस्था और आधुनिकता का संगम देखने को मिलता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अखंड आस्था के 1000 वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सोमनाथ की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को पुनर्स्मरण और प्रसारित करना है। उन्होंने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा उनके लिए एक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्रेरणादायक अनुभव सिद्ध होगी।