दिल्ली सरकार ने प्रो. मल्होत्रा के निधन पर एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी श्रद्धांजलि
- मुख्यमंत्री ने कहा, प्रो. मल्होत्रा का जीवन जनसेवा और अनुशासन से भरा रहा
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पहले मुख्य कार्यकारी पार्षद प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे एक अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उनके अंतिम संस्कार को पूरे सम्मान के साथ आयोजित करेगी। उन्होंने आज उनके निवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। प्रो. मल्होत्रा जी ने न केवल दिल्ली की राजनीति को दिशा दी, बल्कि जनसेवा के नए मानक भी स्थापित किए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मल्होत्रा जी भारतीय जनसंघ और भाजपा के पहले पंक्ति के नेता थे। उन्होंने दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष के रूप में संगठन की नींव को मजबूत किया और कई कार्यकर्ताओं को सेवा, अनुशासन और समर्पण का मार्ग दिखाया।
रेखा गुप्ता ने कहा कि मल्होत्रा जी का जीवन राष्ट्रनिष्ठा और सादगी का प्रतीक था। वह सभी कार्यकर्ताओं के लिए एक मार्गदर्शक थे। उनका निःस्वार्थ जीवन हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।