दिल्ली सरकार बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध: सीएम रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का विकास कार्यों का निरीक्षण
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं का निरीक्षण और उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा रहा है।
सीएम ने पीतमपुरा के पीयू ब्लॉक में नई सीवर लाइन बिछाने के कार्य का उद्घाटन किया। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के निवासियों को पुरानी सीवर समस्याओं से राहत मिलेगी और जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी। इसके साथ ही, क्यूयू ब्लॉक में सड़कों और नालियों के निर्माण का कार्य भी शुरू किया गया, जिससे जलभराव की समस्या का समाधान होगा।
सीएम ने आउटर रिंग रोड, पीतमपुरा पर एसयू-टीयू-एमयू, टीयू-एसयू-यूयू और एलयू-क्यूयू सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, जिससे नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और शहरी बुनियादी ढांचा और मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सीवर, सड़क, ड्रेनेज और शहरी बुनियादी ढांचे के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे राजधानी के हर क्षेत्र में स्वच्छता, सुगमता और बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित हो सके।