×

दिल्ली हाट में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री ने साझा की खुशियां

दिल्ली हाट में आयोजित तीज महोत्सव में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं के साथ तीज की खुशियां साझा कीं। इस सांस्कृतिक उत्सव का उद्देश्य नारी शक्ति और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं, पारंपरिक खान-पान और हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए गए हैं। जानें इस महोत्सव की विशेषताएं और कैसे यह दिल्लीवासियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ता है।
 

दिल्ली हाट में तीज महोत्सव का आयोजन

नई दिल्ली - दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को आईएनए स्थित दिल्ली हाट में दिल्ली पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित ‘तीज महोत्सव’ में भाग लिया। इस सांस्कृतिक उत्सव में रंग-बिरंगे परिधान, लोक परंपराएं और उत्सव का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने महिलाओं और उपस्थित लोगों के साथ तीज पर्व की खुशियों का आदान-प्रदान किया और भारतीय संस्कृति तथा लोक विरासत को बढ़ावा देने के लिए आयोजित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि तीज केवल एक पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, पारिवारिक मूल्यों और नारी शक्ति का उत्सव है। ऐसे आयोजन हमारी लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सौहार्द और प्रेम की भावना को भी मजबूत करते हैं।


इस कार्यक्रम में दिल्ली के पर्यटन मंत्री श्री कपिल मिश्रा, ग्रेटर कैलाश से विधायक श्रीमती शिखा रॉय और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की विविध सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करने के लिए सरकार ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। दिल्ली हाट जैसे मंच हमारी लोक कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक खान-पान और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। तीज महोत्सव जैसे आयोजन ‘लोकल के लिए वोकल’ की भावना को मजबूत करते हुए कारीगरों और छोटे उद्यमियों को नए अवसर प्रदान करते हैं।


मुख्यमंत्री ने सभी दिल्लीवासियों को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी संस्कृति की खूबसूरती उसकी विविधता और जीवंत परंपराओं में निहित है। ऐसे उत्सव हमारी जड़ों से जुड़ने, अपनी परंपराओं को संजोने और आने वाली पीढ़ियों तक उन्हें पहुंचाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए दिल्ली पर्यटन विभाग को शुभकामनाएं दीं और सभी नागरिकों से ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।


दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय तीज महोत्सव 8 और 9 अगस्त को पीतमपुरा और आईएनए स्थित दिल्ली हाट में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य तीज के माध्यम से नारी शक्ति, प्रकृति प्रेम और पारंपरिक मूल्यों को उत्सव के रूप में प्रस्तुत करना और दिल्लीवासियों एवं देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। महोत्सव में पारंपरिक कला एवं शिल्प को प्रोत्साहन देने के लिए मेहंदी, बिंदी और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही 9 अगस्त को दोनों दिल्ली हाट में ‘तीज क्वीन-मिस तीज 2026’ और बेस्ट ड्रेस फीमेल जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा ताकि महिलाओं और प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता एवं पारंपरिक परिधान प्रदर्शित करने का अवसर मिले। विजेताओं को विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।


महोत्सव को सभी आयु वर्गों के लिए आकर्षक बनाने के उद्देश्य से बच्चों के लिए किड्स जोन, महिलाओं के लिए झूले एवं सरप्राइज गिफ्ट्स और सभी के लिए म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से तीज के पारंपरिक उल्लास को आधुनिक मनोरंजन के साथ जोड़ा गया है। इस अवसर पर सरकार द्वारा महिलाओं को मेहंदी भी लगाई जा रही है।


महोत्सव में लगभग 20 व्यंजनों के स्टॉल के साथ 80 हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इससे आगंतुकों को पारंपरिक भारतीय खान-पान और हस्तशिल्प की विविधता का अनुभव प्राप्त करने के साथ स्थानीय कारीगरों एवं शिल्पकारों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने का अवसर मिल रहा है। महोत्सव स्थल को थीम आधारित सजावट से विशेष रूप से सजाया गया है, जो दिल्ली हाट को आगंतुकों के लिए आकर्षक सांस्कृतिक अनुभव प्रदान कर रही है। यहां दिल्लीवासियों के साथ-साथ अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों को भी तीज की परंपराओं और भारतीय संस्कृति की विविधता से परिचित होने का अवसर मिल रहा है।


इस अवसर पर दिल्ली के पर्यटन मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली की गौरवशाली परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को निरंतर भव्य उत्सवों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। पिछले वर्ष की सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है, जिसमें आईएनए दिल्ली हाट और पीतमपुरा दिल्ली हाट में राजधानी की बड़ी संख्या में माताएं और बहनें उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय इस विशेष आयोजन में महिलाओं के लिए पारंपरिक मेहंदी और सावन के झूलों सहित विभिन्न आकर्षणों की विशेष व्यवस्था की गई है, जो हमारी समृद्ध लोक कला और संस्कृति की खूबसूरत झलक प्रस्तुत करते हैं। दिल्ली सरकार का दृढ़ संकल्प है कि देश की इन अनमोल सांस्कृतिक धरोहरों और परंपराओं को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए उन्हें अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए और आने वाली पीढ़ियों से जोड़ा जाए।