नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन ने बनाया नया विद्युत उत्पादन रिकॉर्ड
उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयाँ
झाकड़ी (ऊषा शर्मा): भारत की सबसे बड़ी भूमिगत जल विद्युत परियोजना, एसजेवीएन का 1500 मेगावॉट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन, ऊर्जा-स्वावलंबन की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है। हाल ही में, एनजेएचपीएस ने सितंबर 2025 में 1065.190 मिलियन यूनिट (MU) का दूसरा सबसे बड़ा मासिक विद्युत उत्पादन किया, जिससे इसकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। यह आंकड़ा परियोजना के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा मासिक उत्पादन है, जिसने पिछले वर्ष 2022-23 में दर्ज 1038.719 मिलियन यूनिट (MU) के रिकॉर्ड को पार कर लिया है। हालांकि, सितंबर माह में अब तक का उच्चतम उत्पादन 1118.018 मिलियन यूनिट (MU) है, जो वर्ष 2011 में दर्ज किया गया था।
परियोजना के प्रमुख, एनजेएचपीएस श्री राजीव कपूर ने इस उपलब्धि का श्रेय परियोजना के सभी कर्मचारियों की मेहनत, प्रतिबद्धता और तकनीकी कौशल को दिया। उन्होंने संचालन एवं अनुरक्षण इकाई और नाथपा बाँध प्रबंधन दल की सतर्कता और दक्षता को विशेष रूप से सराहा, जो इस सफलता का आधार बनी। श्री कपूर ने एसजेवीएन प्रबंधन के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
एसजेवीएन प्रबंधन ने परियोजना प्रमुख और एनजेएचपीएस टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और सभी कर्मचारियों के समर्पण और संगठनात्मक एकता की सराहना की।