×

नीट परीक्षा के लिए प्रशासन की तैयारियां पूरी, तीन हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल

जिला प्रशासन ने आगामी नीट परीक्षा के लिए सभी तैयारियों को तेज कर दिया है। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले में छह परीक्षा केंद्रों पर लगभग तीन हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। सभी संबंधित विभागों को समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र का दौरा करने और समय पर पहुंचने की सलाह दी गई है। जानें परीक्षा से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियाँ।
 

नीट परीक्षा की तैयारियों पर प्रशासन की नजर


  • छह परीक्षा केंद्रों पर लगभग तीन हजार परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
  • तीन मई को आयोजित होनी है नीट परीक्षा


जींद। आगामी तीन मई को होने वाली नीट परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियों को तेज कर दिया है। इस संबंध में डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों को परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।


डीसी ने बताया कि जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां लगभग तीन हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें स्थानीय डिफेंस कॉलोनी स्थित गल्र्स मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 312, भारत सिनेमा के पास राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 387, राजकीय कॉलेज में 600, पीआईजी कॉलेज फॉर वूमेन में 528, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद ब्लॉक में 576 और सीवी रमन ब्लॉक में 528 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।


उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं ताकि किसी भी परीक्षार्थी को कोई असुविधा न हो। अधिकारियों को पेयजल, शौचालय, बैठने की उचित व्यवस्था और साफ-सफाई का ध्यान रखने के लिए कहा गया। बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए।


परीक्षा की तैयारी की नियमित समीक्षा आवश्यक


डीसी ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि दूरदराज से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए बसों और अन्य यातायात साधनों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। स्वास्थ्य विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों पर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और आपात स्थिति के लिए मेडिकल टीम तैयार रखने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य तकनीकी प्रबंध सुनिश्चित करने की बात कही गई।


डीसी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि समय-समय पर तैयारियों की समीक्षा की जाए ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


परीक्षा से पहले केंद्र का दौरा करें परीक्षार्थी


डीसी ने परीक्षार्थियों से अपील की कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का दौरा अवश्य करें ताकि परीक्षा के दिन उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन समय पर केंद्र पर पहुंचना बेहद जरूरी है। क्योंकि बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन सहित अन्य प्रक्रियाएं समय पर पूरी करनी होती हैं। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षार्थी अपने साथ केवल एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र ही लेकर आएं। अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित वस्तु परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।