×

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 का काउंटडाउन शुरू, सीएम धामी ने किया उद्घाटन

उत्तराखंड में नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 का काउंटडाउन रन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जिसमें उन्होंने युवाओं के साहस और आत्मविश्वास की सराहना की। यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा और अवसरों का संचार करेगा। धामी ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं है, बल्कि इच्छाशक्ति और धैर्य को भी मजबूत करेगी। 31 मई को होने वाले इस महाआयोजन में 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जो युवाओं में बढ़ते उत्साह का संकेत है।
 

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का उद्घाटन

उत्तराखंड: नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन कार्यक्रम का शुभारंभ हो चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काउंटडाउन रन का झंडा दिखाकर शुरुआत की और प्रतीकात्मक दौड़ में भाग लिया। इस अवसर पर, उन्होंने 31 मई 2026 को होने वाले नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के दौरान क्यालु-हिम तेंदुआ का अनावरण भी किया।


सीएम धामी ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, अवसर और विश्वास का संचार करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह और आत्मविश्वास दर्शाता है कि उत्तराखंड के युवा साहस और संकल्प से भरे हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज यहां उपस्थित युवाओं के कदम भविष्य में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नए इतिहास रचेंगे। यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं है, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का एक साधन भी है।




उन्होंने कहा कि नीति घाटी जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में दौड़ने के लिए साहस और हिमालय जैसा अडिग विश्वास आवश्यक है। सीएम धामी ने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य का प्रतीक नहीं है, बल्कि हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ता नया उत्तराखंड है। नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन नए उत्तराखंड की शक्ति और सामर्थ्य का प्रतीक बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विजन कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं, इस आयोजन के माध्यम से साकार हो रहा है।


उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मई को नीति घाटी में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम उत्तराखंड के खेल एवं एडवेंचर टूरिज्म के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय लिखेगा। उन्होंने बताया कि देश के 27 राज्यों और 2 अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने इस महाआयोजन के लिए पंजीकरण कराया है, जो युवाओं में इस आयोजन के प्रति बढ़ते आकर्षण का प्रमाण है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया एवं राष्ट्रीय खेलों जैसे अभियानों के जरिए खेल और फिटनेस को जनआंदोलन बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स एवं स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ दौड़ में प्रतिभाग करें तथा सुरक्षित रूप से इसे पूर्ण कर 31 मई को नीति घाटी में नया इतिहास रचें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों को कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी.