नीतीश राणा की अंपायर से बहस पर BCCI ने लगाया जुर्माना
नीतीश राणा पर BCCI की कार्रवाई
मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक मैच के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज नीतीश राणा को चौथे अंपायर के साथ बहस करना महंगा पड़ा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया है।
यह घटना चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मुकाबले में हुई। मैच के दौरान, दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने बीच ओवर में ग्लव्स बदलने के लिए डगआउट से करुण नायर को बुलाया, लेकिन चौथे अंपायर ने उन्हें मैदान पर आने की अनुमति नहीं दी।
BCCI द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, नीतीश राणा पर खिलाड़ियों के लिए निर्धारित आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन के तहत उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। राणा को आर्टिकल 2.3 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो मैच के दौरान अनुचित भाषा के उपयोग से संबंधित है। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी के निर्णय को मान लिया है।
19वें ओवर के दौरान चौथे अंपायर के निर्णय से नाराज होकर नीतीश राणा और दिल्ली कैपिटल्स के सपोर्ट स्टाफ ने बहस की। उल्लेखनीय है कि राणा इस मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। मैच के दौरान चेन्नई की गर्मी ने खिलाड़ियों को काफी परेशान किया। ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर को स्ट्रेटेजिक टाइमआउट के दौरान खुद पर पानी डालते देखा गया। गर्मी के कारण स्टब्स ने ग्लव्स बदलने की मांग की थी, लेकिन नियमों के चलते अंपायर ने इसकी अनुमति नहीं दी।
इसके बाद स्टब्स बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। निराश होकर वह पवेलियन लौटे और ड्रेसिंग रूम में बल्ला, ग्लव्स और हेलमेट फेंककर अपनी नाराजगी जाहिर की। मैच की बात करें तो संजू सैमसन की शानदार नाबाद शतकीय पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के चलते चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हरा दिया। सैमसन ने 56 गेंदों में 15 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 115 रन बनाए, जो उनके IPL करियर का चौथा शतक है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 212 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 189 रन पर ऑल आउट हो गई। इस जीत के साथ चेन्नई ने अपने घरेलू मैदान पर लगातार छह हार के बाद जीत दर्ज की।