☰
×

नेपाल में फिर आई बाढ़, 35 से अधिक घर बह गए

नेपाल में एक बार फिर से बाढ़ ने कहर बरपाया है, जिसमें 35 से अधिक घर और पुल बह गए हैं। गोरखा जिले में आई इस बाढ़ के कारण भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने प्रभावित लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। नेपाल के प्रधानमंत्री ने बचाव कार्यों के लिए सेना को तैनात किया है। जानें इस आपदा के बारे में और क्या जानकारी मिली है।
 

नेपाल में बाढ़ का कहर


नेपाल में बाढ़ का नया संकट: नेपाल अभी चीन सीमा पर आई त्रासदी से उबर नहीं पाया था कि एक बार फिर से प्राकृतिक आपदा ने दस्तक दी है। रविवार को गोरखा जिले में बूढ़ी गंडक नदी में अचानक आई बाढ़ ने 35 से अधिक घरों और पुलों को बहा दिया। दोभान, घटखोला, जगत और सल्लेरी में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक बाढ़ से जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली है।


काठमांडू पोस्ट के अनुसार, चुमनुबरी रूरल म्युनिसिपैलिटी-3 के वार्ड अध्यक्ष राम कुमार गुरुंग ने बताया कि बूढ़ी गंडकी नदी की बाढ़ ने सल्लेरी, पैयुका और जगत में नदी के किनारे स्थित घरों के साथ-साथ वार्ड को जोड़ने वाले एक सस्पेंशन ब्रिज को भी बहा दिया। गोरखा के मुख्य ज़िला अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि सिउरिबास के ऊपर भूस्खलन हुआ था। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों से ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है।


प्रधानमंत्री का बयान


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने रविवार को कहा, 'बूढ़ी गंडक नदी में बाढ़ के बाद, नेपाली सेना की एक टुकड़ी को खोज और बचाव कार्यों के लिए हवाई और ज़मीनी रास्तों से तैनात किया गया है। इसके अलावा, भूस्खलन के ख़तरे वाले जगत क्षेत्र से 6 लोगों को हवाई मार्ग से सुरक्षित निकाला गया है। काठमांडू में तैनात 'कम्पोजिट क्विक रिएक्शन टीम' को भी हवाई मार्ग से इसी क्षेत्र में भेजा गया है।'