नेपाल में भारतीय तीर्थयात्रियों की बस दुर्घटना, 7 की मौत
दर्दनाक सड़क हादसा
काठमांडू: नेपाल के मध्य क्षेत्र में एक गंभीर सड़क दुर्घटना की खबर आई है। गोरखा जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में सात भारतीय श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना गंडकी प्रांत में उस समय हुई जब बस मनकामना मंदिर के दर्शन के बाद लौट रही थी। गोरखा जिले के पहाड़ी मार्ग पर अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई।
जिला यातायात पुलिस कार्यालय के प्रमुख सूरज आर्यल ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं, सभी भारतीय नागरिक हैं। मृतकों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामलिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलारसी (60) के रूप में हुई है।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायल सात यात्रियों को रेस्क्यू कर आंबुखैरेनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, बस का चालक सुरक्षित बच गया, जबकि उसका सहायक घायल हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।