नोएडा में मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
नोएडा: लोक मंच के स्वास्थ्य प्रकल्प के तहत, सुमित्रा अस्पताल, सेक्टर-12 आरडब्ल्यूए और एलवी कृष्णा फाउंडेशन के सहयोग से आज सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक सेक्टर-12 के कम्युनिटी सेंटर में एक मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें लगभग 200 मरीजों ने पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य जांच और उपचार का लाभ उठाया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श और जांच की सुविधा प्रदान की गई। सुमित्रा अस्पताल से 8 डॉक्टरों और 8 स्टाफ सदस्यों की टीम ने इस कैंप में भाग लिया।
कैंप में सामान्य रोग विशेषज्ञ, छाती रोग विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपिस्ट, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक और नेत्र विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की और आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि दवा बैंक, सेक्टर-12 में अब दो पूरी तरह से कार्यशील डेंटल चेयर और आधुनिक नेत्र जांच उपकरण उपलब्ध हैं। संस्था को उम्मीद है कि जल्द ही रियायती सेवा शुल्क पर दंत चिकित्सा और नेत्र जांच सेवाएं भी दवा बैंक में नियमित रूप से शुरू की जाएंगी, जिससे क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
शिविर का उद्घाटन डॉ वी के गुप्ता, विनीत गर्ग, महेश सक्सेना, डॉ डी डी अरोड़ा, डॉ राजेंद्र प्रसाद, एस के जैन और वी के जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। शिविर में रक्तचाप जांच, ईसीजी, यूरोफ्लोमेट्री, हड्डियों की घनत्व जांच, शुगर जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी निःशुल्क किए गए। विशेष रूप से, एलवी कृष्णा फाउंडेशन ने निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराई, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया।
इस अवसर पर नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना, प्रोजेक्ट इंचार्ज आई ए एस जे. पी. शर्मा, विनीत गर्ग, एस के जैन, एस पी ढाका, प्रदीप वोहरा, अरविंद उत्तम, वी के जैन, रेनु छिब्बर, अनिल शर्मा, अमित, राजेश श्रीवास्तव, आर एन श्रीवास्तव, और दवा बैंक से डॉ राजेंद्र प्रसाद, डॉ इमरान, डॉ नरेंद्र शुक्ला, डॉ डी डी अरोड़ा, फार्मासिस्ट धर्मेंद्र, अंकिता शुक्ला सहित अन्य गणमान्य सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना संस्था का मुख्य उद्देश्य है और भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।