नोएडा में वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़ा, सपा अध्यक्ष ने उठाए गंभीर सवाल
राहुल गांधी के आरोपों के बाद नया विवाद
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। इसके जवाब में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल पर पलटवार किया। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका, अब समाजवादी पार्टी के नोएडा अध्यक्ष डॉक्टर आश्रय गुप्ता ने भी चुनाव आयोग पर इसी तरह के आरोप लगाए हैं।
फर्जी वोटर लिस्ट का खुलासा
सोमवार को डॉक्टर आश्रय गुप्ता और उनके पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने नोएडा विधानसभा 61 के विभिन्न सेक्टरों की वोटर लिस्ट की जांच की। इस दौरान उन्हें कई अनियमितताएं मिलीं। सपा अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले सेक्टर-51 के बूथ की वोटर लिस्ट देखी, जिसमें कई वोटरों का पता जीरो नंबर दर्शाया गया है। इसके अलावा, एक ही घर में कई सौ वोट दिखाए गए हैं।
एक ही पते पर दर्ज कई वोट
डॉक्टर आश्रय गुप्ता का आरोप है कि वोटर लिस्ट में 487 नंबर तक एक ही पते का उल्लेख किया गया है। जबकि मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा था कि जीरो एड्रेस उन मकानों के लिए होता है जिन पर नंबर नहीं होते। लेकिन सेक्टर-51 में सभी घरों पर नंबर हैं, तो फिर यहां जीरो नंबर डालने का क्या तर्क है? उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी के कर्मचारियों पर भी सवाल उठाए हैं, यह पूछते हुए कि चुनाव आयोग इतनी बड़ी गलती कैसे कर सकता है।