नौतनवा में मोदी सरकार के 12 वर्ष और अध्यक्ष त्रिपाठी के कार्यकाल का जश्न
समारोह का आयोजन
महराजगंज :: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी के सफल तीन वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में बुधवार को एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक ऋषि त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने की। कार्यक्रम का संचालन रवि त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सभासद, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
विकास कार्यों पर चर्चा
समारोह में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद नौतनवा के तीन वर्ष के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
वक्ताओं ने बताया कि विधायक ऋषि त्रिपाठी के प्रयासों और नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी के प्रस्ताव पर नगर क्षेत्र में लगभग 45 किलोमीटर नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके अलावा तीन नए पंप स्थापित किए गए हैं, जिससे नगरवासियों को पेयजल संकट से राहत मिली है। पहले जहां कई क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति करनी पड़ती थी, वहीं अब नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
सड़क और प्रकाश व्यवस्था में सुधार
नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए 40 नई स्ट्रीट लाइटों का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही विभिन्न मोहल्लों में खराब बल्बों को नियमित रूप से बदला जा रहा है ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर पालिका परिषद कार्यालय के लिए नए भवन की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। जलकल परिसर में जल्द ही नए कार्यालय भवन का निर्माण कार्य शुरू होगा। नगरवासियों की मांग पर छपवा तिराहे पर डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई है और शहीद पुराण बहादुर थापा की प्रतिमा का जीर्णोद्धार किया गया है।
भविष्य की योजनाएं
विधायक ऋषि त्रिपाठी और नगर पालिका अध्यक्ष के संयुक्त प्रयासों से नगर क्षेत्र में सड़कों का व्यापक निर्माण किया गया है। जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मुख्य नालों और विभिन्न वार्डों में नाला-नाली निर्माण कार्य भी किया गया है। आगे के विकास कार्यों के लिए शासन को नए प्रस्ताव भेजे गए हैं।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया है और अस्पताल के नए भवन की मांग शासन स्तर पर की गई है, जिसके शीघ्र स्वीकृत होने की उम्मीद है।
वक्ताओं ने कहा कि विधायक ऋषि त्रिपाठी और नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी नगर के चौमुखी विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं और आने वाले समय में भी विकास कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा।
समारोह की तस्वीरें
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट