नौतनवा में स्वच्छता के लिए 10 नए ई-रिक्शा का शुभारंभ
स्वच्छता की दिशा में नई पहल
महराजगंज :: नौतनवा नगर को साफ-सुथरा बनाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने एक नई पहल की है। नगर क्षेत्र में घरों और व्यवसायों से निकलने वाले सूखे और गीले कूड़े के उचित प्रबंधन के लिए पालिका ने 10 नए ई-रिक्शा खरीदे हैं।
शुक्रवार को नगर पालिका परिसर में विधिपूर्वक पूजा के बाद, पालिका अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर सभी ई-रिक्शा को रवाना किया। इन नए वाहनों के माध्यम से नगर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और निस्तारण की प्रक्रिया को और तेज करने की उम्मीद है।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर की स्वच्छता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। आगामी दशहरा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान कूड़े की मात्रा में वृद्धि होती है। इसलिए, समय पर कूड़ा उठाने और उसके उचित निस्तारण के लिए ये 10 ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता को बेहतर बनाने के लिए पालिका लगातार प्रयास कर रही है और नगरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें और सूखे तथा गीले कूड़े को अलग रखें।
इस मौके पर सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल मद्धेशिया, सुरेंद्र बहादुर जायसवाल, अनिल जायसवाल, विशाल जायसवाल, वरिष्ठ लिपिक रमाशंकर सिंह, संतोष श्रीवास्तव, गोविन्द, दीपू प्रजापति, प्रमोद पाठक समेत अन्य पालिका कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट