×

नौतनवां में अग्निशामक केंद्र का निर्माण, क्षेत्र की सुरक्षा को मिलेगी मजबूती

नौतनवां में विधायक ऋषि त्रिपाठी के प्रयासों से 12.91 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक अग्निशामक केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। यह परियोजना क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अग्निशामक केंद्र के स्थापित होने से आगजनी की घटनाओं के दौरान त्वरित राहत मिलेगी। नागरिकों और व्यापारियों ने इस परियोजना को बड़ी उपलब्धि मानते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया है।
 

नौतनवां में अग्निशामक केंद्र का निर्माण


महराजगंज :: नौतनवां तहसील क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही एक महत्वपूर्ण मांग अब पूरी होने जा रही है। विधायक ऋषि त्रिपाठी के प्रयासों से ग्राम मुड़िला के पास 12.91 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक अग्निशामक केंद्र का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यह परियोजना क्षेत्र की सुरक्षा को बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


शनिवार को विधायक ऋषि त्रिपाठी ने एसडीएम नवीन कुमार के साथ निर्माणाधीन अग्निशामक केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, साथ ही कार्य को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।


निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने 12.91 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। अग्निशामक केंद्र के स्थापित होने से आगजनी की घटनाओं के दौरान लोगों को त्वरित राहत मिलेगी और फायर ब्रिगेड की सेवाएं ग्रामीण क्षेत्रों में भी कुछ ही मिनटों में उपलब्ध होंगी।


उन्होंने बताया कि परिसर में तीन मंजिला दो आधुनिक भवनों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 21 आवासीय फ्लैट, अग्निशामक विभाग का कार्यालय, ट्यूबवेल और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। ट्यूबवेल के माध्यम से दमकल वाहनों में पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।


विधायक ने कहा कि पहले आग लगने की घटनाओं में दमकल वाहन के पहुंचने में समय लगने के कारण लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था, लेकिन अग्निशामक केंद्र के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को त्वरित राहत मिलेगी।


क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारियों ने इस परियोजना को नौतनवां क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।


रिपोर्ट: विजय चौरसिया