न्यूयॉर्क में जन्मा सबसे भारी नवजात, वजन 5.9 किलोग्राम
अमेरिका में अनोखा जन्म
नई दिल्ली - आमतौर पर नवजात शिशुओं का औसत वजन लगभग 3 किलोग्राम होता है, लेकिन न्यूयॉर्क शहर में एक महिला ने एक ऐसे बच्चे को जन्म दिया है, जिसका वजन सामान्य से लगभग दोगुना है।
कायूगा मेडिकल सेंटर में टेरिका नाम की महिला ने 5.9 किलोग्राम (लगभग 13 पाउंड) वजनी बच्चे को जन्म दिया, जिसका नाम शॉन जूनियर रखा गया है। अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, यह वहां का सबसे भारी नवजात है। बच्चे के पिता शॉन और मां टेरिका ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि उनका बेटा सामान्य से बड़ा होगा, लेकिन जन्म के समय उसका वजन देखकर वे भी चकित रह गए। टेरिका ने कहा, “हमें पता था कि बच्चा बड़ा होगा, लेकिन इतना बड़ा होगा, इसकी उम्मीद नहीं थी।”
चार बच्चों की मां टेरिका ने बताया कि शॉन जूनियर फिलहाल तीन से छह महीने के बच्चों के कपड़े और डायपर पहन रहा है। उन्होंने मजाक में कहा, “ऐसा लग रहा है जैसे मैं सीधे तीन महीने के बच्चे की मां बन गई हूं।” अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सों ने कहा कि प्रसव प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। अस्पताल ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर शॉन जूनियर की तस्वीर साझा की, जिसमें उसी दिन जन्मी एक अन्य नवजात बच्ची मार्गोट भी नजर आ रही है। मार्गोट का वजन केवल 1.8 किलोग्राम (लगभग 4 पाउंड) था।
अस्पताल ने अपने पोस्ट में लिखा कि एक ओर 13 पाउंड के रिकॉर्ड बनाने वाले शॉन जूनियर का जन्म हुआ, तो दूसरी ओर 4 पाउंड की नन्ही मार्गोट ने भी परिवार को खुशियां दीं। मार्गोट की मां ने कहा कि दोनों बच्चों को साथ देखकर यह एहसास और गहरा हो जाता है कि हर बच्चा अपने आप में खास और अनोखा होता है।