पंचकूला पुलिस ने नशा तस्कर को गिरफ्तार किया, 52 ग्राम हेरोइन बरामद
पंचकूला में नशे के खिलाफ कार्रवाई
- आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी पुलिस
Panchkula News - पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एक युवक को 52 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 27 नवंबर को गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि सैक्टर-14 में एक युवक हेरोइन के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर दलीप सिंह की टीम ने तुरंत कार्रवाई की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहित उर्फ बोई, जो सैक्टर-20 का निवासी है, के रूप में हुई। उसकी तलाशी लेने पर 52 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये है।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे आज कोर्ट में पेश किया गया और 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि उससे गहन पूछताछ की जा सके। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी नशा कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस नशे की सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।