पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी का कहर: मौसम अपडेट
गर्मी और लू से बेहाल पंजाब
जालंधर, लुधियाना और पठानकोट में हल्की बारिश से मिली आंशिक राहत
पंजाब मौसम अपडेट: उत्तरी भारत के मैदानी क्षेत्रों में इस समय गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने फिलहाल गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है। पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का असर जारी है, हालांकि गुरुवार को अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। बठिंडा में सबसे अधिक तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश से मिली थोड़ी राहत
शुक्रवार की सुबह जालंधर, लुधियाना और पठानकोट में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। जालंधर और पठानकोट में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह राहत अस्थायी है और जल्द ही तापमान में फिर से वृद्धि हो सकती है। चंडीगढ़ में भी गर्मी और लू का प्रकोप जारी है।
तापमान का पूर्वानुमान
24 से 26 मई के बीच आसमान सामान्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान तापमान में फिर से वृद्धि हो सकती है, और 26 मई तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे गर्मी के दौरान सावधानी बरतें। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और शरीर को अच्छी तरह से ढककर ही बाहर जाएं। पानी का सेवन नियमित रूप से करें और किसी भी समस्या पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
सरकार के विशेष प्रबंध
भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब के सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष हीट स्ट्रोक और शीतलन वार्ड स्थापित किए गए हैं। इन वार्डों में कूलर, ठंडी ड्रिप, बर्फ के पैक और आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहेंगी। पंजाब सरकार ने सभी सिविल सर्जनों को इन वार्डों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, एम्बुलेंसों को मरीजों को अस्पताल लाते समय ठंडा रखने के उपकरणों से लैस किया गया है।