☰
×

पंजाब और चंडीगढ़ में घने कोहरे की चेतावनी, तापमान में गिरावट

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम विभाग ने घने कोहरे की चेतावनी जारी की है, जो 20 नवंबर तक जारी रहेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है। जानें और क्या-क्या बदलाव आ सकते हैं मौसम में।
 

घने कोहरे का अलर्ट

चंडीगढ़ - पंजाब और चंडीगढ़ में आज से चार दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है, जो अब सामान्य स्तर के करीब है। बठिंडा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।


मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में और 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और अमृतसर में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब कम हो गया है, जिसके चलते पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम सूखा रहने की उम्मीद है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, जिससे रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ सकती है।


बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के तट के करीब पहुंचने से उत्तर भारत में हवाओं की दिशा में बदलाव आ सकता है। दिल्ली, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में पूर्वी हवाओं के चलने से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का प्रभाव कम हो सकता है।