पंजाब के मंत्री लालजीत भुल्लर का इस्तीफा, आत्महत्या मामले में नाम आने के बाद सियासत गरमाई
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लिया इस्तीफा
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। यह कदम तब उठाया गया जब शुक्रवार रात को पंजाब वेयरहाउस के अमृतसर के प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधवा ने सल्फास का सेवन कर लिया, जिसके बाद शनिवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से पहले, रंधवा ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने भुल्लर का नाम लिया था। इस घटना ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी, जिसके चलते मुख्यमंत्री ने भुल्लर का इस्तीफा लिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
सांसद गुरजीत सिंह औजला का बयान
इस घटना के बाद सांसद गुरजीत सिंह औजला अस्पताल पहुंचे और भगवंत मान सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप गंभीर हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं, और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
सीएम का बयान और कांग्रेस की प्रतिक्रिया
सीएम भगवंत मान ने कहा कि कैबिनेट मंत्री का इस्तीफा लिया गया है ताकि जांच पर कोई असर न पड़े। उन्होंने कहा कि भुल्लर का विभाग जल्द ही किसी अन्य मंत्री को सौंपा जाएगा। कांग्रेस ने इस मामले पर निशाना साधते हुए नेता सुखपाल खैरा ने भुल्लर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। खैरा ने आरोप लगाया कि भुल्लर ने रंधावा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके कारण उन्होंने आत्महत्या की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि पहले मंत्री और उनके समर्थकों ने रंधावा के साथ मारपीट की, और आत्महत्या से पहले रंधावा ने मंत्री का नाम लिया।
पूरा मामला क्या है?
पंजाब में हाल ही में एक जिला प्रबंधक ने आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जो तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो में उन्होंने अपनी मानसिक परेशानी और मौत के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया, जिसमें मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम शामिल था। वीडियो के सामने आने के बाद राज्य में राजनीतिक हलचल मच गई और विपक्षी दलों ने मंत्री के इस्तीफे की मांग की।