पंजाब ने शिक्षा क्षेत्र में देश में पहला स्थान हासिल किया
पंजाब की शिक्षा में ऐतिहासिक प्रगति
नई दिल्ली - आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार की सराहना करते हुए कहा है कि केवल चार वर्षों में पंजाब ने शिक्षा के क्षेत्र में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। केजरीवाल ने बताया कि सरकारी स्कूलों की शिक्षा में पंजाब पहले 27वें स्थान पर था, लेकिन अब यह पहले स्थान पर पहुंच गया है। यह जानकारी केंद्र सरकार के नीति आयोग के सर्वेक्षण से प्राप्त हुई है, जिसमें पंजाब ने केरल को भी पीछे छोड़ दिया है। दिल्ली में शिक्षा में सुधार के बाद, अब पंजाब के सरकारी स्कूलों में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने मान सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री भगवंत मान की बड़ी सफलता है कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब को महज चार साल में नंबर वन बना दिया है। आज पंजाब के सरकारी स्कूलों के छात्र नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब ने शिक्षा के क्षेत्र में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। यह सर्वेक्षण हमारी पार्टी का नहीं, बल्कि केंद्र सरकार के नीति आयोग का है। वर्ष 2020 में पंजाब 27वें स्थान पर था, लेकिन हमारी सरकार बनने के बाद यह चार साल में पहले स्थान पर पहुंच गया है। यह एक बड़ी उपलब्धि है। केजरीवाल ने कहा, “आप शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र को प्राथमिकता देती है। पहले दिल्ली में हमारी सरकार थी, जहां हमने शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य किया। अब पंजाब में भी हम बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए प्रयासरत हैं। मैं यह नहीं कहता कि सब कुछ सही है, लेकिन काम जारी है। सरकारी स्कूलों के बच्चे अब नीट और जेईई में सफल हो रहे हैं। इस बार कई बच्चों का चयन नीट और जेईई में हुआ है। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब बच्चे अब डॉक्टर और इंजीनियर बन रहे हैं, जिसे देखकर खुशी होती है। यही तो सरकारों का काम है।”