पंजाब पुलिस ने एक दिन में 92 नशा तस्करों को पकड़ा
पुलिस ने करोड़ों के नशीले पदार्थ किए जब्त
चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस ने राज्य को नशे और तस्करों से मुक्त करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत, पुलिस ने एक ही दिन में 92 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 7.5 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 1.70 लाख नशीली गोलियां और ड्रग मनी बरामद की।
पिछले 446 दिनों में, कुल 65,010 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। नशा मुक्ति अभियान के तहत, पंजाब पुलिस ने 14 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया।
अमृतसर में दो भाई गिरफ्तार
अमृतसर में, पुलिस ने नशा और हथियार तस्करी के आरोप में दो सगे भाईयों को पकड़ा। उन्हें उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे अपनी बाइक पर नशा और हथियारों की खेप की सप्लाई करने जा रहे थे।
पुलिस ने उनकी तलाशी के दौरान 5.5 किलो हेरोइन, चार पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान बॉबी सिंह और हरजीत सिंह के रूप में हुई है।
गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई जारी
पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के 21वें दिन, पुलिस ने 243 व्यक्तियों को एक हथियार सहित गिरफ्तार किया। इस अभियान के तहत अब तक कुल 30,964 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
इसके अलावा, 87 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है, जबकि 14 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने चार भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
जानकारी साझा करने के लिए हेल्पलाइन
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी दे सकते हैं।