पंजाब मंत्री अमन अरोड़ा ने महंगाई पर भाजपा सरकार को घेरा
महंगाई का नया बोझ
चंडीगढ़- पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों में वृद्धि को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आम जनता, किसानों और छोटे व्यवसायियों पर महंगाई का नया बोझ डाल दिया है, जबकि कुछ विशेष कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
श्री अरोड़ा ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 12 साल पहले किए गए वादों के बावजूद देश आज महंगाई से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक बार फिर ईंधन की कीमतें बढ़ाकर जनता को आर्थिक संकट में डाल दिया है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल चुनाव समाप्त होते ही केंद्र सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 943 रुपये की वृद्धि की। इसके साथ ही पेट्रोल 3.14 रुपये, डीजल 3.11 रुपये और सीएनजी 2 रुपये महंगा कर दिया गया।
श्री अरोड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावों के दौरान जनकल्याण की बातें करती है, लेकिन वोट मिलने के बाद जनता की मेहनत की कमाई लूटने लगती है। उन्होंने कहा कि यह मूल्य वृद्धि केवल सत्ताधारी दल के करीबी कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए की जा रही है। उन्होंने भाजपा के चुनावी वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये भेजने, दो करोड़ नौकरियां देने और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन इसके बजाय किसानों पर महंगाई और बढ़ती ईंधन कीमतों का बोझ बढ़ा दिया गया है।
पंजाब के कृषि क्षेत्र पर प्रभाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि धान की बुआई के समय डीजल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर किसानों पर पड़ेगा। सिंचाई के लिए किसानों को भारी मात्रा में पानी और ईंधन की आवश्यकता होती है, जिससे खेती की लागत बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले जब पेट्रोल की कीमतों में मामूली वृद्धि होती थी, तब देशभर में प्रदर्शन होते थे, लेकिन अब लोग 12-13 वर्षों से लगातार महंगाई झेलते-झेलते थक चुके हैं।
श्री अरोड़ा ने केंद्र सरकार के 'आत्मनिर्भर भारत' के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले दशक में आयात पर निर्भरता बढ़ी है। उन्होंने रूस जैसे देशों से सस्ता तेल खरीदने के मुद्दे पर भी केंद्र की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतें वापस ले। श्री अरोड़ा ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई इसी तरह जनता का दम घोंटती रही, तो लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट सकता है, जिसका राजनीतिक नुकसान भाजपा को उठाना पड़ेगा।