पंजाब में आतंकी साजिश का भंडाफोड़, 17 गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने आतंकवादी साजिश का किया खुलासा
चंडीगढ़- पंजाब के मोगा जिले में पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से खतरनाक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।
डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मोगा पुलिस ने 17 आरोपियों को पकड़ा है। उनके कब्जे से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), विस्फोटक सामग्री, एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल के साथ एक मैगजीन भी मिली है।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इस साजिश का मुख्य साजिशकर्ता इकबाल सिंह उर्फ रवि धालीवाल है, जो वर्तमान में यूके में है और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसकी योजना के अनुसार, आरोपियों ने मोगा के सदर पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड से हमला करने और फ़िरोज़पुर से जम्मू जाने वाली ट्रेन में आईडी लगाने की योजना बनाई थी। इस मामले में मोगा के सदर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
इसके अलावा, पंजाब पुलिस ने एक एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन की शुरुआत की है। जनता से अपील की गई है कि वे वॉन्टेड अपराधियों की जानकारी सीधे 93946-93946 पर दें। सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और जानकारी देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। गैंगस्टरों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 10 लाख रुपये तक का नकद इनाम भी दिया जाएगा।
डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस आतंकवादी नेटवर्क को समाप्त करने, देश-विरोधी गतिविधियों को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।