पंजाब में कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री भगवंत मान का रिपोर्ट कार्ड
मुख्यमंत्री भगवंत मान का रिपोर्ट कार्ड
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज 'शानदार चार साल, भगवंत मान के साथ' श्रृंखला के तहत कानून-व्यवस्था पर एक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसका उद्देश्य चार वर्षों के शासन का स्पष्ट और क्षेत्रवार लेखा-जोखा जनता के सामने रखना है।
उन्होंने बताया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था में सुधार अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जो नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, संगठित अपराध पर निरंतर कार्रवाई, पुलिस सुधारों और निवेशकों के बढ़ते विश्वास के कारण संभव हुआ है।
'772 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति जब्त'
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान के तहत निर्णायक कार्रवाई की गई है, जिसमें 95,000 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया गया, 772 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति जब्त की गई और 1100 से अधिक गिरोहों का भंडाफोड़ किया गया। इसके अलावा, एंटी-ड्रोन सिस्टम जैसे उपायों ने सीमा पार तस्करी रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अकाली नेतृत्व पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि रिकॉर्ड पुलिस भर्ती, आधुनिकीकरण और सड़क सुरक्षा फोर्स जैसे प्रयास पंजाब में कानून लागू करने की मजबूती को दर्शाते हैं। उन्होंने अकाली नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने गैंगस्टरों को संरक्षण दिया, वे अब इतिहास को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे जवाबदेही से बच नहीं सकते।
'मिसाल कायम करने वाली सजा दी जाएगी'
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है और कानून का उल्लंघन करने वालों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्हें मिसाल कायम करने वाली सजा दी जाएगी।" उन्होंने बताया कि मार्च 2022 से अब तक 95,881 नशा तस्करों और सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है।
3440 भगोड़े अपराधी गिरफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा, "54.47 करोड़ रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई है और एनडीपीएस मामलों में 3440 भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, 1556 तस्करों से 772 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त की गई हैं।" संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि गैंगस्टर विरोधी टास्क फोर्स के गठन के बाद 2858 गैंगस्टरों और अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
3200 करोड़ रुपए का निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश के सबसे सुरक्षित राज्यों में से एक है। किसी भी राज्य में निवेश आना कानून-व्यवस्था का सबसे बड़ा प्रमाण होता है, और बड़े स्टील प्लांट द्वारा 3200 करोड़ रुपए का निवेश इस बात को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कई प्रमुख वैश्विक कंपनियां पंजाब में निवेश करने के लिए आगे आ रही हैं।