पंजाब में बारिश से मिली गर्मी से राहत, अगले दिनों में भारी बारिश का अलर्ट
पंजाब में मौसम का हाल
कई शहरों में जलभराव से लोग परेशान, 27 से 29 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
चंडीगढ़ : पंजाब में मानसून की सक्रियता के कारण गुरुवार को कई स्थानों पर हल्की और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। इस मौसम में ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जबकि किसानों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद साबित हुई है।
हालांकि, अमृतसर और जालंधर में बारिश के कारण बाजारों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने बताया कि आज और कल मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन 27 जुलाई से मौसम में परिवर्तन होगा, जिससे जोरदार बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 से 29 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही, लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर ध्यान रखने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने का आग्रह किया गया है।
पिछले 24 घंटों में बारिश का आंकड़ा
पंजाब के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई। अमृतसर में सबसे अधिक 83.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा, फाजिल्का के अबोहर में 33 मिमी, गुरदासपुर में 33.5 मिमी, पठानकोट के केवीके में 18 मिमी, होशियारपुर के सालेरन में 17 मिमी और फरीदकोट में 16 मिमी बारिश हुई। चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटों में 2.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा।