पंजाब में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, सुरक्षा बढ़ाई जाएगी
संगरूर में भाजपा कार्यालय पर हमला
संगरूर - पंजाब के संगरूर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय पर सोमवार को एक पेट्रोल बम से हमला हुआ। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
भाजपा ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और इसे पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाने वाला बताया है। संगरूर के एसपी दविंदर अत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुबह उन्हें सूचना मिली कि भाजपा कार्यालय पर शीशे की बोतल में पेट्रोल फेंका गया है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बोतल कार्यालय के बाहर से फेंकी गई थी। हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने यह भी बताया कि कुछ गवाहों का कहना है कि यह घटना रात करीब ढाई बजे हुई, लेकिन पुलिस इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर सकती। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही भाजपा कार्यालय की सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भी इस घटना की निंदा की और आरोप लगाया कि पंजाब में भाजपा कार्यालयों पर हमले और भाजपा नेताओं को निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ रही हैं।
भाजपा नेता रणदीप सिंह देओल ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली कि पेट्रोल से भरी बोतल कार्यालय परिसर की ओर फेंकी गई थी, जिससे हल्की आग लगी और पेट्रोल की गंध महसूस की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
देओल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के जिला कार्यालय पर हमला पंजाब सरकार की कानून-व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। इससे पहले चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय पर भी हमला हुआ था, जो यह संकेत देता है कि कुछ असामाजिक तत्व पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।