पंजाब में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, चार हैंड ग्रेनेड और दो पिस्तौल बरामद
आईएसआई के लिए काम कर रहा था आरोपी
Amritsar Crime News: पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जो आईएसआई के लिए काम कर रहा था। इस कार्रवाई में चार पी-86 हैंड ग्रेनेड और दो विदेशी पिस्तौल बरामद की गई हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सागर सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर के गल्लूवाल गांव का निवासी है। यह कार्रवाई स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर और मोहाली द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
प्रारंभिक जांच के निष्कर्ष
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी विदेशी हैंडलरों के निर्देशों पर कार्य कर रहा था। चंडीगढ़ में हुए ग्रेनेड हमले से उसके संबंध भी उजागर हुए हैं। उन्होंने कहा कि अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
पुलिस को मिली खुफिया जानकारी
एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से हथियारों और हैंड ग्रेनेड की खेप भेजी गई है। स्थानीय सहयोगियों ने इसे प्राप्त कर लिया था और आतंकी हमले की योजना बना रहे थे। त्वरित कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने सागर सिंह को अमृतसर के खासा-राम तीर्थ रोड से गिरफ्तार किया।
आरोपी का आईएसआई से संबंध
एआईजी ने बताया कि आरोपी जनवरी 2026 में सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशी हैंडलरों से जुड़ा था। उसने उनके निर्देशों पर हथियारों की खेप प्राप्त की और उन्हें निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया। इसके बदले में उसे पैसे मिलते थे। फरवरी 2026 में उसे पहले भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन मार्च में जमानत मिलने के बाद उसने फिर से अपने हैंडलर से संपर्क किया।