पंजाब में सात नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण जल्द शुरू होगा
शहीद ऊधम सिंह इंस्टीट्यूट का निर्माण कार्य
कहा, होशियारपुर में शहीद ऊधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट आॅफ मेडिकल साइंसेज का निर्माण 20 मार्च से होगा शुरू
चंडीगढ़ : पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि होशियारपुर में शहीद ऊधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट आॅफ मेडिकल साइंसेज का निर्माण कार्य 20 मार्च, 2026 से आरंभ होगा। यह संस्थान 24 महीनों में तैयार होगा और मार्च 2028 में पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए 274.75 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है, जिसमें 300 बेड का अस्पताल और 100 एमबीबीएस सीटों वाला मेडिकल कॉलेज शामिल होगा।
अन्य मेडिकल कॉलेजों का निर्माण
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि होशियारपुर के अलावा कपूरथला में भी एक सरकारी मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके अलावा संगरूर और एसबीएस नगर में भी पीपीपी मोड में कॉलेज खोले जाएंगे। लहरागागा में जैन समाज द्वारा कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है, जबकि मालेरकोटला में मुस्लिम समाज द्वारा बनाए जा रहे कॉलेज के लिए डीपीआर केंद्र सरकार को जमा कर दी गई है।
राज्य में मेडिकल शिक्षा का विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण से राज्य की मेडिकल शिक्षा में काफी सुधार होगा। अब स्थानीय छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई के लिए विदेशों में नहीं जाना पड़ेगा। वर्तमान में पंजाब में 1900 एमबीबीएस सीटों वाले 13 मेडिकल कॉलेज हैं, और नए कॉलेजों से लगभग 600 सीटों की वृद्धि होगी। इसके साथ ही, पटियाला, अमृतसर और फरीदकोट में मौजूदा मेडिकल कॉलेजों को सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएं प्रदान करने के लिए अपग्रेड किया जाएगा।