पंजाब में स्कूलों और विधानसभा को बम से उड़ाने की मिली धमकी
जालंधर में बम धमकी का मामला
जालंधर - पंजाब के जालंधर में छह निजी स्कूलों, एक ट्रेन जो दिल्ली की ओर जा रही है, पंजाब विधानसभा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी कथित तौर पर 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' के नाम से भेजी गई दो ईमेल के माध्यम से दी गई है। जैसे ही यह सूचना मिली, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और संबंधित स्थानों पर जांच शुरू कर दी।
पहली ईमेल में एपीजे स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल और अन्य स्कूलों के साथ विधानसभा और डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं का उल्लेख किया गया। दूसरी ईमेल में सिटी ग्रुप ऑफ स्कूल्स, अकाल एकेडमी और सेंट सोल्जर डिवाइन स्कूल का नाम शामिल है। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद कई स्कूलों में सुरक्षा जांच की जा रही है। एपीजे स्कूल में भी पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।
प्रतिमाएं हटाने की दी गई धमकी
ईमेल में जालंधर जिले में स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं को हटाने की भी धमकी दी गई है। संदेश में कहा गया है कि यदि 14 अप्रैल तक प्रतिमाएं नहीं हटाई गईं, तो बम धमाके किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों के लिए अलग-अलग समय का भी उल्लेख किया गया है।
धमकी भरी ईमेल कथित तौर पर 'हाबी दानबा' नामक एक अकाउंट से सुबह करीब 7:37 बजे भेजी गई। इसमें विभिन्न स्थानों पर हमले की बात कही गई है और कई भड़काऊ व धमकी भरे संदेश भी शामिल हैं।
सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। स्कूलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम को भी लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी संभावित स्थानों पर जांच व सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।