पंजाब में हिन्दी साहित्य का महाकुंभ: पंकस अकादमी का 30वां वार्षिक समारोह
पंकस अकादमी का वार्षिक समारोह
जालंधर: पंजाब कला साहित्य अकादमी (पंकस अकादमी) का 30वां वार्षिक समारोह 22 नवंबर, 2026 को स्थानीय लाइंस क्लब, जालंधर में आयोजित किया जाएगा। यह समारोह हिन्दी साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे अहिंदी भाषी राज्य पंजाब में हिन्दी साहित्य के महाकुंभ के रूप में मनाया जाएगा।
अकादमी के अध्यक्ष सिमर सदोष और निदेशक डॉ. जगदीप सिंह ने जानकारी दी कि इस समारोह में पंजाब के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व विधायक राजेंद्र बेरी और हिमाचल प्रदेश के पूर्व बागवानी मंत्री ठाकुर सत्य प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अध्यक्ष मंडल में अजीत प्रकाशन समूह के कार्यकारी संपादक सतनाम सिंह माणक, पंजाब के पूर्व डीजीपी अर्पित शुक्ला, डॉ. जसदीप सिंह एमएस, पंजाब पुलिस के डीआईजी नवीन सिंगला, भुट्टिको-कुल्लू के उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर और गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार शर्मा शामिल हैं।
अकादमी के अखिल भारतीय निदेशक नरेश मेहरा ने बताया कि इस वर्ष जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (आईपीएस) को शौर्य सम्मान, डीएवी कॉलेज जालंधर के प्रिंसिपल डॉ. अनूप कुमार वत्स को राष्ट्रीय शिक्षा रत्न सम्मान, परविंदर कौर को राष्ट्रीय मानव सेवा रत्न सम्मान और डॉ. गुनीत कौर (एमबीबीएस, एमडी) को विरासती फुलकारी सम्मान दिया जाएगा।
राष्ट्रीय पत्रकारिता श्रेष्ठि सम्मान दैनिक जागरण, जालंधर के समाचार संपादक हृदय नारायण मिश्रा और पंजाबी जागरण के संपादक डॉ. इंद्रप्रीत सिंह को प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, राष्ट्रीय मीडिया अकादमी सम्मान दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार योगेश गोयल और राष्ट्रीय अनुवाद श्रेष्ठि सम्मान प्रो. नव संगीत सिंह को दिया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय पंकस अकादमी अवार्ड के लिए डीएवी कॉलेज, अमृतसर की हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. किरण खन्ना, शिमला के डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, नई दिल्ली की साहित्यकार डॉ. ममता सोनी एवं डॉ. एसएस डोगरा और गुजरात की साहित्यकार डॉ. नयना आर. डेलीवाला का चयन किया गया है।
राष्ट्रीय कला-श्री अवार्ड संगीत प्रेमी संगत राम, अभिनेत्री बलविंदर कौर, चित्रकार बलविंद्र सैली और समाजसेवी अमरजीत सिंह को दिया जाएगा। राष्ट्रीय धर्म-रक्षा सम्मान भगवान वाल्मीकि आश्रम, शक्ति नगर, जालंधर के प्रधान विपन सभ्रवाल को प्रदान किया जाएगा। नेपाल के साहित्यकार रमेश पंत मीत-बन्धु और हेम बाबू लेखक को भी सम्मानित किया जाएगा।
श्री माली राम सोनी स्मृति सम्मान हिमाचल प्रदेश के डलहौजी के साहित्यकार अशोक दर्द और अदब-नवाकाई सम्मान न्यूयॉर्क (अमेरिका) के चरण सिंह डीसी को दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन श्रेष्ठि सम्मान आस्था प्रकाशन गृह की संचालिका आस्था शर्मा को प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रीय विशिष्ट अकादमी सम्मान के लिए साहित्यकार एवं शिक्षाविद् प्रो. डॉ. सरला भारद्वाज, समाजसेवी गुरमीत पलाही (फगवाड़ा), उत्तराखंड के कहानीकार एवं उपन्यासकार मोहन राजपूत और कृष्ण कुमार भगत, मध्य प्रदेश के शैलेश तिवारी तथा युवा प्रतिभा कुलदीप कुमार का चयन किया गया है। श्री दीपक जालंधरी विशिष्ट पत्रकारिता सम्मान अशोक शर्मा अनुज को दिया जाएगा।
अकादमी की परंपरा के अनुसार, समारोह में लगभग 10 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को विद्यार्थी सम्मान निधि के तहत तीन-तीन हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें स्कूल बैग, कॉपियां, किताबें, पेन और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की जाएगी।