पंजाब में हीटवेव का अलर्ट: 11 जून से मौसम में बदलाव की उम्मीद
पंजाब में गर्मी का प्रकोप
11 जून से मौसम में आएगा बदलाव, आंधी और हल्की बारिश से मिलेगी राहत
चंडीगढ़: देश के कई हिस्सों में मानसून की बारिश हो रही है, जबकि उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। विशेष रूप से पंजाब और हरियाणा में तापमान फिर से 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सोमवार से लेकर गुरुवार तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा और कई क्षेत्रों में लू की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में और वृद्धि हो सकती है.
11 जून से मौसम में बदलाव की संभावना
हालांकि, 11 जून से मौसम में बदलाव की उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम में यह परिवर्तन आएगा। इसके चलते तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जिससे 11 से 13 जून तक गर्मी में कुछ राहत मिलेगी। लेकिन इसके बाद तापमान में फिर से वृद्धि होने की संभावना है, जो 20 से 22 जून तक जारी रहेगी। इस दौरान मानसून से पहले की गतिविधियाँ भी शुरू हो जाएंगी, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बठिंडा में सबसे अधिक तापमान
रविवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की वृद्धि हुई, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। बठिंडा में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, फरीदकोट में 42.5 डिग्री, अबोहर में 42.2 डिग्री और लुधियाना में 42 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान में भी 1 डिग्री की वृद्धि हुई, जबकि गुरदासपुर में सबसे कम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।