पश्चिम बंगाल में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली से चार की मौत
हावड़ा में आकाशीय बिजली का कहर
हावड़ा: पश्चिम बंगाल में सोमवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली ने कई परिवारों पर कहर बरपाया। हावड़ा जिले में विभिन्न स्थानों पर बिजली गिरने की घटनाओं में चार व्यक्तियों की दुखद मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, सबसे गंभीर घटना जगतबल्लभपुर के माजू क्षेत्र में हुई। यहां बारिश के समय खेतों में काम कर रहे चार किसान अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस हादसे में दो किसानों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय निवासियों ने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
एक अन्य घटना आमता थाना क्षेत्र के सोनामुई ढाकीपाड़ा गांव में हुई। बताया गया कि 35 वर्षीय सुषांत रॉय खेत से लौटने के बाद तालाब के किनारे अपनी कुदाल साफ कर रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके अलावा, बागनान थाना क्षेत्र के कटापुकुर गांव में भी एक किसान पर आकाशीय बिजली गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी।
पुलिस ने सभी घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच प्रशासन ने लोगों से खुले मैदानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।