पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक से अफगानिस्तान में नागरिकों की मौत
सीमा पर बढ़ता तनाव
काबुल: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर से बढ़ गया है। अफगान अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना के लड़ाकू विमानों ने उनकी हवाई सीमा का उल्लंघन करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी बमबारी की, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिकों की जान गई। अफगान सरकार के प्रवक्ता ज़बिहुल्ला मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार रात अफगानिस्तान के तीन प्रांतों—कुनार, खोस्त और पक्तिका—के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि नागरिकों के घरों पर अंधाधुंध बमबारी की गई, जिससे कई मकान पूरी तरह से नष्ट हो गए।
हमले में जानमाल का नुकसान
अफगान प्रशासन के अनुसार, इस हमले में कुल 13 लोगों की जान गई है, जिनमें 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल हैं। इसके अलावा, 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। हमले के बाद सोशल मीडिया पर तबाही और घायल बच्चों की तस्वीरें भी वायरल हो गई हैं।
अफगानिस्तान की कड़ी प्रतिक्रिया
अफगानिस्तान ने इसे अमानवीय अपराध बताया
अफगान सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों और देश की संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया है। प्रवक्ता ज़बिहुल्ला मुजाहिद ने कहा, “हम इस अमानवीय अपराध और हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने एक बार फिर से अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन किया है। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।