पाकिस्तान के फील्ड मार्शल ने भारत को परमाणु हमले की दी धमकी
पाकिस्तान की परमाणु धमकी
नई दिल्ली। अमेरिका की यात्रा पर गए पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भारत के साथ संभावित युद्ध की स्थिति में परमाणु हमले की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान के अस्तित्व को खतरा हुआ, तो वे आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे। उनका कहना था कि भविष्य में भारत के साथ युद्ध के दौरान यदि उनके देश को संकट का सामना करना पड़ा, तो वे पूरे क्षेत्र को परमाणु युद्ध में झोंक देंगे।
‘द प्रिंट’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, आसिम मुनीर ने कहा, ‘हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं और यदि हमें लगता है कि हम संकट में हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे’। यह टिप्पणी असाधारण है, क्योंकि यह पहली बार है जब अमेरिका की धरती से किसी देश के सेना प्रमुख ने किसी अन्य देश को परमाणु युद्ध की धमकी दी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि यह धमकी उन्होंने टम्पा स्थित ग्रैंड हयात होटल में पाकिस्तान मूल के कारोबारी अदनान असद द्वारा आयोजित एक डिनर कार्यक्रम में दी, जिसमें लगभग 120 पाकिस्तानी प्रवासी शामिल थे।
इस डिनर में उपस्थित सूत्रों ने ‘द प्रिंट’ को बताया कि फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अपनी परमाणु धमकी के बाद सिंधु जल संधि पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ‘भारत द्वारा इसे स्थगित करने के निर्णय से 25 करोड़ लोग भुखमरी के संकट में पड़ सकते हैं’। उन्होंने आगे धमकी देते हुए कहा, ‘हम भारत द्वारा बांध बनाने का इंतजार करेंगे और जब वह ऐसा करेगा, तो हम उसे 10 मिसाइल हमले में नष्ट कर देंगे। सिंधु नदी भारतीयों की पारिवारिक संपत्ति नहीं है। हमारे पास मिसाइलों की कमी नहीं है, अल-हम्दुलिल्लाह’।