पाकिस्तान ने हिंदू संत माता साहिब हसी देवी के सम्मान में जारी किया 200 रुपये का सिक्का
पाकिस्तान का नया कदम
पाकिस्तान में माता साहिब हसी देवी का सम्मान: पाकिस्तान अपनी अंतरराष्ट्रीय छवि को सुधारने के प्रयास में है। हाल ही में, पूर्व प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दीपावली की शुभकामनाएं दीं, और अब पाकिस्तान ने एक हिंदू संत के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया है। यह सिक्का 27 नवंबर 2026 को हिंदू संत माता साहिब हसी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर जारी किया जाएगा। यह सिक्का तांबे और निकेल से बना है, जिसमें एक तरफ पाकिस्तान का चांद और सितारा तथा दूसरी तरफ सिंध के शदानी दरबार की छवि है।
पाकिस्तान की छवि आमतौर पर एक कट्टर इस्लामी देश के रूप में रही है। ऐसे में, हिंदू धार्मिक गुरु के नाम पर राष्ट्रीय मुद्रा जारी करना एक महत्वपूर्ण कदम है। यह केवल एक सिक्के का मामला नहीं है, बल्कि यह पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को सरकारी स्तर पर मान्यता देने का प्रयास भी है। इसे माता साहिब हसी देवी के धार्मिक और सांस्कृतिक योगदान के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
माता साहिब हसी देवी (1826 – 30 अप्रैल 1909) सिंधी सनातनी समुदाय की एक प्रमुख महिला संत और आध्यात्मिक गुरु थीं, जिन्होंने ऐतिहासिक शदानी दरबार की पांचवीं पीठाधीश्वर के रूप में कार्य किया। उन्होंने 1852 में 26 वर्ष की आयु में दरबार की जिम्मेदारी संभाली और लगभग 57 वर्षों तक भक्ति, शिक्षा और समाज सेवा में अपना जीवन समर्पित किया।