पाकिस्तान में विदेशी महिलाओं के अपहरण और गैंगरेप का मामला: उप प्रधानमंत्री के पोते पर आरोप
पाकिस्तान में राजनीतिक संकट
पाकिस्तान समाचार: पाकिस्तान में दो विदेशी महिलाओं के कथित अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के पोते को इन गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के बाद से देश के राजनीतिक क्षेत्र में भारी आक्रोश उत्पन्न हुआ है।
सेना के करीबी माने जाने वाले सीनेटर फैसल वावदा ने शनिवार को इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए डिप्टी पीएम इशाक डार से तुरंत इस्तीफे की मांग की है। यह घटना लाहौर की है, जहां 29 जून को नीदरलैंड और वेनेजुएला की दो महिलाओं का कथित अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की छवि को भी नुकसान पहुंचा रहा है, जिससे सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। लाहौर की अदालत ने शुक्रवार को गिरफ्तार आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी रजा डार की मुलाकात इन दोनों विदेशी महिलाओं से पिछले साल सिंगापुर में हुई थी। ये महिलाएं रजा डार के साथ एक क्रिप्टोकरेंसी वेंचर में बिजनेस पार्टनर थीं। रजा डार ने इन महिलाओं को पाकिस्तान आने के लिए बिजनेस वीजा की व्यवस्था की थी। महिलाएं व्यापार के सिलसिले में पाकिस्तान आई थीं, लेकिन यहां आने के बाद उनके साथ यह भयानक घटना घटित हुई।