पाकिस्तान में सेना द्वारा नागरिकों पर हवाई हमले की घटना, 30 लोगों की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हवाई हमला
पेशावर: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार रात एक गंभीर घटना में पाकिस्तानी सेना पर अपने नागरिकों पर हवाई हमले का आरोप लगाया गया है। तिराह घाटी के मत्रे दारा गांव में सोते हुए लोगों पर लड़ाकू विमानों द्वारा बमबारी की गई, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 30 लोगों की जान चली गई, और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह दुखद घटना रविवार रात लगभग दो बजे हुई, जब गांव के सभी लोग गहरी नींद में थे। अचानक पाकिस्तानी सेना के JF-17 लड़ाकू विमानों ने गांव पर बम गिराना शुरू कर दिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि विमानों से 8 LS-6 बम गिराए गए, जिससे पूरा क्षेत्र हिल गया। धमाकों के बाद कई घर ढह गए और सोते हुए लोग मलबे में दब गए।
हमले के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मातम छा गया। चारों ओर तबाही का मंजर था, और कई घर मलबे में तब्दील हो गए थे। घटना के 10 घंटे बाद, सोमवार दोपहर तक भी स्थानीय लोग और बचाव दल मलबे से शवों को निकालने में लगे हुए थे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना ने जानबूझकर नागरिकों के घरों को निशाना बनाया। इस हमले ने पूरे क्षेत्र में दहशत और सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।