पाकिस्तानी महिला की पीएम मोदी से इंसाफ की गुहार
पाकिस्तान से आई एक महिला की दर्दभरी कहानी
कराची: सीमा पार से एक बार फिर एक महिला की दुखद पुकार भारत में सुनाई दी है। इस बार मामला प्यार का नहीं, बल्कि धोखे और फरेब का है। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के कराची की निवासी निकिता नागदेव का एक वीडियो तेजी से फैल रहा है, जिसमें वह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाथ जोड़कर न्याय की मांग कर रही हैं। निकिता का आरोप है कि उनके पति विक्रम नागदेव ने उन्हें धोखे से पाकिस्तान वापस भेज दिया और अब वह दिल्ली में गुपचुप तरीके से दूसरी शादी करने की योजना बना रहे हैं।
निकिता के अनुसार, उनकी शादी 26 जनवरी 2020 को कराची में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विक्रम नागदेव के साथ हुई थी। विक्रम मूल रूप से पाकिस्तानी हैं, लेकिन लंबे समय से भारत के इंदौर में वीजा (LTV) पर रह रहे हैं। शादी के एक महीने बाद विक्रम उन्हें भारत ले आए। निकिता का कहना है कि भारत आने के बाद उन्हें पता चला कि उनके पति का उनकी एक रिश्तेदार के साथ अवैध संबंध है। जब उन्होंने इस बारे में अपने ससुर से शिकायत की, तो उन्होंने कहा कि 'लड़कों के अफेयर होते रहते हैं, इसमें कुछ नहीं किया जा सकता।'
पीड़िता ने बताया कि 9 जुलाई 2020 को उनके पति ने वीजा में तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर उन्हें अटारी बॉर्डर पर छोड़कर जबरदस्ती पाकिस्तान वापस भेज दिया। इसके बाद से विक्रम ने उन्हें वापस भारत बुलाने से साफ इनकार कर दिया और अब वह दिल्ली की एक लड़की से दूसरी शादी करने जा रहे हैं। निकिता ने भावुक होते हुए वीडियो में कहा कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला, तो महिलाओं का कानून पर से भरोसा उठ जाएगा।
इस मामले में निकिता ने जनवरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामला इंदौर की सिंधी पंच मेडिएशन एंड लीगल काउंसिल सेंटर तक पहुंचा। चूंकि दोनों पक्ष पाकिस्तानी नागरिक हैं, इसलिए काउंसिल ने अपनी रिपोर्ट में विक्रम को पाकिस्तान डिपोर्ट करने की सिफारिश की थी। इंदौर कलेक्टर ने भी मामले की जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल, निकिता पीएम मोदी की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रही हैं ताकि उनके पति की अवैध दूसरी शादी रुक सके और उन्हें न्याय मिल सके।