पीआईआईटी कॉलेज में रंगोत्सव का भव्य आयोजन
ग्रेटर नोएडा में होली का उत्सव
ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क-3 में स्थित पीआईआईटी कॉलेज में होली का पर्व ‘रंगोत्सव’ धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में पारंपरिक फाग, उत्सव गीतों और नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कॉलेज का पूरा परिसर रंगों में डूबा रहा और दोपहर से लेकर शाम तक गुलाल उड़ता रहा। छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अन्य स्टाफ ‘रंग बरसे…’ पर थिरकते रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक जुड़ाव और आपसी प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने सभी को सुरक्षित और प्राकृतिक तरीके से होली मनाने की शुभकामनाएं दी।
डॉ. बच्चन ने रंगोत्सव के दौरान कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सौहार्द, संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जीवन में प्यार और मानवता का होना आवश्यक है, क्योंकि इन रंगों के बिना जीवन नीरस हो जाता है। ऐसे आयोजन पारिवारिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि भारत की लोकसंस्कृति और परंपराएं हमारे देश की असली पहचान हैं, जिन्हें सहेजना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।
कॉलेज के चेयरमैन डॉ. भरत सिंह और निदेशक आर. के. शाक्य ने भी सभी को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की कामना की। उन्होंने कहा कि होली का यह सामाजिक उत्सव कॉलेज परिसर को रंगों, खुशियों और ऊर्जा से भर देता है। ऐसे उत्सव छात्रों को देश की सभ्यता और संस्कृति से जोड़े रखते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने गुरुजनों और विशिष्ट अतिथि का तिलक लगाकर स्वागत किया।
“रंग दे गुलाल मोहे…” गीत पर कॉलेज की छात्राएं और शिक्षिकाएं चंदन, अबीर और फूलों के साथ होली खेलते हुए एक-दूसरे को फागुन की बधाई दी। पीआईआईटी की मिथलेश मैम ने होली गीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने सभी से प्राकृतिक रंगों से पर्यावरण अनुकूल होली मनाने की अपील की। अंत में गुझिया, गुलाल और अन्य उपहार वितरित किए गए। इस अवसर पर कॉलेज के डीन, प्रवक्ता आदि भी उपस्थित रहे।